आगरा के सिकंदरा के शिवाकुंज निवासी कल्याण सिंह किसानों के लिए प्रेरणा बन रहे हैं। वह बिचपुरी ब्लॉक के नगला छीतर में परंपरागत खेती को छोड़ आधुनिक खेती कर रहे हैं। कल्याण सिंह बताते हैं कि करीब 40 वर्ष नौकरी करने के बाद रिटायर हुए तो वर्ष 2013 में नगला छीतर के पास करीब दो एकड़ का खेत खरीदा। आसपास के खेतों में किसान गेंहू की खेती करते थे। उन्होंने भी पहले दो तीन वर्ष में गेहूं की ही खेती की। उसमें मुनाफा नहीं हुआ तो सब्जी की खेती करने का निर्णय लिया। उसके लिए ड्रिप सिंचाई और मल्च विधि को अपनाया। दो साल में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल किया और समतल भूमि की जगह बेड बनाए। अब आधुनिक तकनीक से खेती कर और सब्जियां उगाकर अच्छा मुनाफा कमा रहे हैं।