आगरा-ग्वालियर रोड से इनर रिंग रोड के जरिए लखनऊ एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे को ग्वालियर हाईवे से जोड़ने का काम तेजी से चल रहा है। सड़क का निर्माण पूरा होने के बाद क्षेत्र के लोगों और राहगीरों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इनर रिंग रोड बनने से ग्वालियर रोड स्थित ककुआ चौराहे से लखनऊ एक्सप्रेसवे, यमुना एक्सप्रेसवे, दिल्ली-कानपुर हाईवे के साथ ही जयपुर और दिल्ली की ओर जाने वाले मार्गों पर आवागमन आसान हो जाएगा। इससे वाहन चालकों को शहर के भीतरी मार्गों से होकर गुजरने की जरूरत कम होगी और समय की भी बचत होगी। स्थानीय निवासी सोनवीर सोलंकी ने बताया कि सड़क निर्माण का कार्य तेजी से चल रहा है। इनर रिंग रोड तैयार होने के बाद फिरोजाबाद की ओर जाने और लखनऊ एक्सप्रेसवे तक पहुंचने का रास्ता भी सुगम हो जाएगा। इससे आसपास के ग्रामीणों और वाहन चालकों को काफी राहत मिलेगी।