अमर उजाला ब्यूरो झांसी। झांसी हॉकी संघ के नवनियुक्त अध्यक्ष एवं उद्यमी वीरेंद्र राय ने कहा कि झांसी में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के नाम पर हर साल राष्ट्रीय स्तर का हॉकी टूर्नामेंट आयोजित किया जाएगा। इसमें देश के विभिन्न हिस्सों की टीमें प्रतिभाग करेंगी। अमर उजाला से खास बातचीत में उन्होंने हॉकी के विकास और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजनाओं पर चर्चा की। वीरेंद्र राय ने कहा कि हॉकी को स्कूलों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जाएगा, ताकि बच्चों में राष्ट्रीय खेल के प्रति रुचि बढ़े और नई प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिले। उन्होंने कहा कि हॉकी के विकास के लिए संसाधनों के मामले में केवल सरकार पर निर्भर नहीं रहा जाएगा, बल्कि निजी क्षेत्र के संसाधनों और सहयोग का भी उपयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि झांसी में अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को लाने और खेल के लिए बेहतर माहौल तैयार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए सरकारी और निजी स्तर पर सुविधाओं के विस्तार की जरूरत है। उन्होंने टहरौली में हवाई अड्डे के निर्माण की योजना और झांसी-खजुराहो हाईवे पर प्रस्तावित फाइव स्टार होटल का भी जिक्र किया। उनके अनुसार, इस तरह की सुविधाओं से झांसी में बड़े खेल आयोजनों को बढ़ावा देने में मदद मिल सकती है।