राजधानी शिमला में नगर निगम की ओर से की जा रही कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को तहबाजारियों ने धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में तहबाजारी विधायक हरीश जनारथा से मिले और अपनी समस्याओं से अवगत कराया। तहबाजारियों ने आरोप लगाया कि नगर निगम बिना पर्याप्त संवाद और वैकल्पिक व्यवस्था के कार्रवाई कर रहा है, जिससे उनके रोजगार पर संकट खड़ा हो गया है। उनका कहना है कि वर्षों से आजीविका चला रहे लोगों के हितों की अनदेखी की जा रही है। प्रदर्शनकारियों ने विधायक से मांग की कि नगर निगम की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जाए और इस पूरे मामले का ऐसा समाधान निकाला जाए, जिससे रोजी-रोटी पर असर न पड़े। उन्होंने कहा कि प्रशासन को किसी भी कार्रवाई से पहले प्रभावित लोगों से बातचीत करनी चाहिए। विधायक हरीश जनार्था ने प्रदर्शनकारियों की समस्याएं सुनीं और उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को संबंधित अधिकारियों और सरकार के समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि आजीविका से जुड़े मामलों का समाधान बातचीत और सहमति से होना चाहिए।