राजधानी शिमला के ऐतिहासिक कालीबाड़ी मंदिर में शारदीय नवरात्र की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मंदिर में हर वर्ष की तरह इस बार भी मिट्टी से मां दुर्गा की मूर्तियां तैयार की गई हैं। मंदिर में चली आ रही इस परंपरा के तहत इस बार भी मां दुर्गा के साथ अन्य देवी-देवताओं की आकर्षक प्रतिमाएं बनाई गई हैं। मूर्तियों में मां दुर्गा, मां लक्ष्मी, मां सरस्वती, भगवान गणेश और भगवान कार्तिकेय शामिल हैं। इन प्रतिमाओं को बंगाल के 60 वर्षीय कारीगर कमल ने तैयार किया है। मूर्तियों को बेहद खूबसूरती से आकार दिया गया है। कारीगर कमल ने बताया कि मूर्तियों के मुख और हाथ बनाने के लिए बंगाल की मिट्टी का इस्तेमाल किया गया है, जबकि शरीर के बाकी हिस्सों में हिमाचल की मिट्टी का प्रयोग किया गया है। इस तरह इन प्रतिमाओं में दोनों क्षेत्रों की मिट्टी का उपयोग किया गया है। कालीबाड़ी मंदिर के कालीबाड़ी हॉल में छठे नवरात्र पर इन मूर्तियों की स्थापना की जाएगी। इसके बाद मंदिर में नवरात्र से जुड़े धार्मिक अनुष्ठान आयोजित होंगे। हर वर्ष की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं के लिए मां दुर्गा की प्रतिमाएं आकर्षण का केंद्र रहेंगी।