हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी का दो दिवसीय संगठनात्मक महामंथन शनिवार से राजधानी शिमला स्थित राजीव भवन में हुई। बैठक में पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हिमाचल में मंत्रिमंडल विस्तार होगा, कब होना है यह हाईकमान तय करता है। मंत्री का एक पद खाली है जिसे भरना जरूरी है। यदि माैसम साफ रहा तो 16-17 को धर्मशाला में राजनीतिक मामले समिति की बैठक में इस पर चर्चा होगी। राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर सीएम ने कहा कि यह एक गंभीर मामला है और भगवान के नाम पर चंदा चोरी करने वालों को बख्शा नहीं जाना चाहिए। वहीं कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल हिमाचल मंत्रिमंडल में खाली पद को भरने व फेरबदल की कोशिश की जाएगी। इसी पर फैसला लेने के लिए हाईकमान से कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल धर्मशाला आने वाले हैं। किन्नाैर जिला कांग्रेस अध्यक्ष नियुक्ति विवाद पर पाटिल ने कहा कि मंत्री जगत सिंह नेगी व निगम भंडारी को आमने-सामने बिठाकर मतभेद दूर किए जाएंगे। दोनों को समझाया जाएगा। राम मंदिर चंदा विवाद पर कहा कि भाजपा ने कहा था कि हमने राम को लाया है। अगर भाजपा ने श्रीराम को लाया है तो राम का चंदा कहां गया। कहा कि चंदाखोरी मामले पर बैठक में आंदोलन की आगामी रणनीति तय होगी। सबने अपनी-अपनी हैसियत से राममंदिर के लिए चंदा दिया था, लेकिन जिस तरह से इसका दुरुपयोग किया गया, उसके लिए कठिन से कठिन कार्रवाई होनी चाहिए और इसकी जड़ तक जाना चाहिए।