जालंधर में आयोजित होने वाली प्रतिष्ठित एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम को महज चार महीनों में विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस किया गया है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में स्टेडियम का आधुनिक तरीके से कायाकल्प किया गया है, जहां 27 अक्टूबर से भारत सहित एशिया की छह शीर्ष टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। ओलंपियन सुरजीत हॉकी स्टेडियम में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हॉकी पंजाब के अध्यक्ष नितिन कोहली, खेल निदेशक अभिजीत कपलिश, डिप्टी कमिश्नर वरजीत वालिया और पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने बताया कि टूर्नामेंट के लिए बुनियादी ढांचे, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया है। उन्होंने खेल प्रेमियों, युवाओं और परिवारों से इस अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। पंजाब सरकार की ओर से दर्शकों के लिए सभी मैचों में प्रवेश निशुल्क रखा गया है। दर्शक www.ticketgenie.in वेबसाइट या इसके मोबाइल ऐप के माध्यम से क्यूआर कोड वाले डिजिटल पास बनवा सकते हैं। टूर्नामेंट का आगाज 27 अक्टूबर को दोपहर 1 बजे से होगा, जबकि भव्य उद्घाटन समारोह शाम 5 बजे आयोजित किया जाएगा। इसके बाद शाम 7:20 बजे भारतीय हॉकी टीम अपने पहले मुकाबले में बांग्लादेश के खिलाफ मैदान में उतरेगी। उद्घाटन समारोह में शामिल होने वाले दर्शकों से शाम 4 बजे तक अपनी सीटों पर पहुंचने की अपील की गई है। वहीं, अन्य मैच देखने आने वाले दर्शकों को मैच शुरू होने से 30 से 60 मिनट पहले स्टेडियम पहुंचने की सलाह दी गई है। घर बैठे मैच देखने वाले खेल प्रेमियों के लिए टूर्नामेंट के सभी 20 मुकाबलों का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स पर किया जाएगा, जबकि इनकी लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार पर उपलब्ध होगी। ---डीएवी कॉलेज फ्लाईओवर की तरफ से मिलेगी दर्शकों को एंट्री पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने सुरक्षा और यातायात प्रबंधों की जानकारी देते हुए कहा कि दर्शकों की आवाजाही को सुचारू बनाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। उनके अनुसार, यातायात को लेकर अनावश्यक डायवर्जन और पार्किंग संबंधी परेशानियों से बचने के लिए प्रबंध किए गए हैं। दर्शक एचएमवी कॉलेज चौक से डीएवी कॉलेज फ्लाईओवर की ओर जाने वाली साइड लेन के माध्यम से बुल्टन पार्क के गेटों तक पहुंच सकेंगे। यहां दर्शकों के लिए पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध होगी। स्टेडियम में हॉकी मुकाबलों के अलावा दर्शकों के मनोरंजन के लिए फूड कोर्ट, फैन पवेलियन और कार्निवल जैसी विशेष व्यवस्थाएं भी की गई हैं। अधिकारियों ने पंजाब के सभी निवासियों को इस ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन का हिस्सा बनने का न्योता देते हुए कहा कि जालंधर में होने वाली यह चैंपियनशिप हॉकी प्रेमियों के लिए यादगार अनुभव साबित होगी।