शहर के मोहल्ला आनंदपुर में दिनदहाड़े महिला की बालियां छीनकर फरार होने की कोशिश कर रहे दो युवकों को लोगों ने पीछा कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। इस दौरान पकड़े गए युवकों की लोगों द्वारा पिटाई किए जाने की बात भी सामने आई है। पीड़ित महिला सहित लोगों का आरोप था कि दोनों युवक जिनमें एक नाबालिग स्कूटी पर सवार होकर आए थे और एक महिला की बालियां छीनकर भागने लगे। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोगों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद लोगों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना डिवीजन नंबर-1 की पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने पीड़ित महिला के बयान दर्ज कर मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की जांच के बाद ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।