खेडां वतन पंजाब दियां सीजन-4, 2026’ के संबंध में निकाला जा रहा मशाल मार्च सोमवार को जिला पठानकोट पहुंचा। जहां शहीद भगत सिंह चौक पर कैबिनेट मंत्री पंजाब लाल चंद कटारूचक के नेतृत्व में मशाल मार्च का भव्य और गर्मजोशी से स्वागत किया गया। इस मौके पर खिलाड़ियों, युवाओं और खेल प्रेमियों में भारी उत्साह देखने को मिला। कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक ने कहा कि राज्य में खेल संस्कृति को और मजबूत करने और पंजाब को फिर से ‘रंगला पंजाब’ बनाने के उद्देश्य से ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ का लगातार आयोजन किया जा रहा है। साल 2022 से शुरू हुआ यह खेल महाकुंभ हर साल नई ऊंचाइयां छू रहा है और इस बार भी खिलाड़ियों में भारी उत्साह है। ‘खेडां वतन पंजाब दियां-सीजन 4’ के तहत ब्लॉक स्तर से लेकर जिला और राज्य स्तर तक अलग-अलग खेल प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। ब्लॉक स्तर पर 6, जिला स्तर पर 22 और राज्य स्तर पर 36 प्रकार के खेलों की प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को करोड़ों रुपये के नकद इनाम भी दिए जाएंगे। खेल सिर्फ शारीरिक तंदुरुस्ती का साधन नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, दृढ़ता, खेल भावना और आत्म-विश्वास पैदा करने का भी महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेल युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पंजाब का नाम रोशन करने के मौके प्रदान करते हैं। कहा कि राज्य के हर गांव में मॉडल खेल मैदान उपलब्ध हो ताकि हर बच्चे और युवा को अपनी खेल प्रतिभा को निखारने के लिए बराबर मौका मिल सके। जिला खेल अधिकारी लवजीत सिंह ने यह मशाल मार्च 26 अगस्त को जिला गुरदासपुर के लिए रवाना होगा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि अलग-अलग आयु वर्गों में करवाई जा रही इन खेलों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और सरकार द्वारा दिए जा रहे नकद इनामों और अन्य अवसरों का लाभ उठाएं।