पंजाब सरकार के कर्मचारियों और पेंशनरों की ओर से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर घोषित महा हड़ताल के तहत वीरवार को कोटकपूरा में भी सरकारी कर्मचारियों ने कामकाज ठप रखकर नगर काउंसिल कार्यालय के समक्ष धरना दिया। इस दौरान कर्मचारियों ने पंजाब सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की। धरने के चलते विभिन्न सरकारी कार्यालयों में दफ्तरी कामकाज प्रभावित रहा। अपनी रोजमर्रा की सरकारी सेवाओं से संबंधित काम करवाने के लिए कार्यालयों में पहुंचे लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ रोष जताते हुए कहा कि लंबे समय से उनकी मांगों को लेकर सरकार की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। इस मौके पर कर्मचारी नेताओं प्रेम चावला और प्रीतभगवान सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार कर्मचारियों की जायज मांगों की लगातार अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि कर्मचारी लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर सरकार के समक्ष आवाज उठा रहे हैं, लेकिन आश्वासनों के बावजूद मांगों का समाधान नहीं किया गया। कर्मचारी नेताओं ने विशेष रूप से महंगाई भत्ते (डीए) की बकाया किश्तों के भुगतान का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट की ओर से आदेश दिए जाने के बावजूद कर्मचारियों को डीए की बकाया किश्तों का भुगतान नहीं किया जा रहा। इससे कर्मचारियों में सरकार के प्रति भारी रोष है।