फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पठानकोट में किसानों का फूटा गुस्सा, जम्मू कटरा नेशनल हाईवे का काम बंद करवाया

भोआ विधानसभा क्षेत्र के बलसुया गांव के समीप जम्मू-कटरा नेशनल हाईवे के निर्माण को लेकर किसानों का विरोध तेज हो गया है। आज बड़ी संख्या में किसान मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य बंद करवाकर धरना शुरू कर दिया। इस दौरान किसानों ने संबंधित विभाग और जिला प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी करते हुए अपनी समस्याओं का तत्काल समाधान करने की मांग उठाई। धरने पर बैठे किसानों का कहना था कि नेशनल हाईवे के लिए भूमि लिए जाने के बाद उनके खेतों तक पहुंचने वाले पुराने रास्ते प्रभावित हो गए हैं। कई स्थानों पर रास्ते बंद होने के कारण किसान खेतों तक कृषि मशीनरी और अन्य सामान ले जाने में परेशानी झेल रहे हैं। इससे मौजूदा फसल की कटाई का काम भी प्रभावित हो रहा है। किसानों ने बताया कि निर्माण के दौरान बारिश के पानी की निकासी के लिए उचित व्यवस्था नहीं की गई। ऐसे में खेतों में पानी जमा होने की आशंका बनी हुई है। जलभराव होने की स्थिति में न केवल तैयार फसल को नुकसान पहुंच सकता है, बल्कि आगामी फसल की तैयारी और बुवाई भी प्रभावित होने की संभावना है। जमीन लेते समय किए गए आश्वासन पूरे करने की मांग किसान प्रतिनिधियों ने कहा कि भूमि अधिग्रहण के समय अधिकारियों की ओर से उन्हें भरोसा दिलाया गया था कि खेतों तक आने-जाने के वैकल्पिक मार्ग बनाए जाएंगे और बरसाती पानी की निकासी के लिए समुचित प्रबंध किए जाएंगे। किसानों का आरोप है कि निर्माण शुरू होने के बाद इन दोनों महत्वपूर्ण समस्याओं की ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया। किसानों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि दो-तीन दिन के भीतर खेतों के रास्ते बहाल करने और पानी की निकासी का स्थायी प्रबंध करने की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो वे निर्माण स्थल पर दोबारा एकत्र होकर काम बंद करवाएंगे। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को व्यापक स्तर पर ले जाने का फैसला लिया जा सकता है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें