पूरे पंजाब में पीआरटीसी और पनबस के कच्चे कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर चक्का जाम कर हड़ताल शुरू कर दी है। मोगा में भी पीआरटीसी और पनबस के कच्चे कर्मचारियों ने कामकाज ठप कर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। हड़ताल के कारण मोगा बस स्टैंड पर निजी बसों का संचालन तो जारी रहा, लेकिन सरकारी बसें पूरी तरह नदारद रहीं। यूनियन के अनुसार पूरे पंजाब में आज पीआरटीसी और पनबस की करीब 6800 बसें बंद हैं, जबकि लगभग 2400 कर्मचारी हड़ताल पर हैं। प्रदर्शन के दौरान यूनियन नेताओं ने कहा कि अन्य विभागों के आउटसोर्स कर्मचारियों को पहले ही नियमित किया जा चुका है, लेकिन लंबे समय से बैठकें होने के बावजूद उनकी मांगों पर सरकार कोई ठोस फैसला नहीं ले रही है। उन्होंने बताया कि आज सरकार के साथ फिर बैठक होनी है। यूनियन की तीन प्रमुख मांगें हैं—कच्चे कर्मचारियों को नियमित किया जाए, नई बसें सड़कों पर उतारी जाएं और कर्मचारियों के खिलाफ दर्ज झूठे एफआईआर रद्द किए जाएं। यूनियन ने चेतावनी दी कि जब तक इन तीनों मांगों पर सरकार लिखित आश्वासन नहीं देती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।