फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पठानकोट-डलहौजी नेशनल हाइवे टूटने से बना हादसों का खतरा, बड़े हादसे के इंतजार में एनएचएआई

पठानकोट-डलहौजी नेशनल हाईवे पर गांव ढांगू सराह के निकट बारिश की वजह से सड़क टूट जाने से वाहन चालकों के लिए हादसे का खतरा बढ़ गया है। हाईवे पर सड़क निर्माण का काम अधर में छोड़े जाने के कारण यहां स्थिति लगातार चिंताजनक बनी हुई है। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि संबंधित विभाग की कथित लापरवाही कभी भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। सड़क का एक हिस्सा टूटने के कारण वाहन चालकों को इस स्थान से गुजरते समय काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिन के समय तो चालक किसी तरह टूटी सड़क को देखकर वाहन निकाल लेते हैं, लेकिन रात के समय स्थिति और भी खतरनाक हो जाती है। हाईवे के इस हिस्से पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइटें न होने के कारण अंधेरे में सड़क की स्थिति स्पष्ट दिखाई नहीं देती। ऐसे में तेज रफ्तार से आने वाले वाहनों के लिए टूटा हुआ हिस्सा अचानक सामने आने पर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण कार्य शुरू करने के बाद इसे पूरा करने की बजाय बीच में ही छोड़ दिया गया। इसके चलते सड़क की हालत लगातार खराब होती जा रही है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी और संबंधित अधिकारियों को किसी बड़े हादसे का इंतजार करने की बजाय समय रहते सड़क की मरम्मत और निर्माण कार्य पूरा करवाना चाहिए। वाहन चालकों ने बताया कि पठानकोट-डलहौजी हाईवे पर रोजाना बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। ऐसे में सड़क का टूटा हिस्सा विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। रात के समय रोशनी की व्यवस्था न होने से खतरा और बढ़ जाता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ढांगू सराह के पास टूटी सड़क की तुरंत मरम्मत करवा अधूरा निर्माण कार्य पूरा किया जाए। जब तक सड़क पूरी तरह ठीक नहीं होती, तब तक हादसे की आशंका वाले स्थान पर उचित बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेत और रोशनी की व्यवस्था की जाए, ताकि किसी अनहोनी को टाला जा सके।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें