सरकार गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार ने अपने चार साल के कार्यकाल में ग्रामीण विकास की नई इबारत लिखी है। यह बात अजनाला विधानसभा क्षेत्र के विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने कही। वे अजनाला के चार गांव बोहरवाल, मधुशांगा, कोट मुगल और उरदन की सर्वसम्मति से चुनी गई पंचायतों को 5-5 लाख रुपये के चेक सौंपने के अवसर पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। विधायक धालीवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री ने वादा किया था कि सर्वसम्मति से चुनी गई पंचायतों को 5-5 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इस वादे को निभाते हुए अजनाला हलके के करीब 46 गांवों के लिए कुल 2 करोड़ 30 लाख रुपये की राशि जारी की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि आज से इन गांवों में चेक वितरण का कार्य शुरू कर दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंचायतें इस राशि को अपनी जरूरत के अनुसार गांवों के विकास कार्यों पर खर्च कर सकेंगी। यह धनराशि छोटे-बड़े विकास कार्यों में उपयोगी साबित होगी और विकास में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। धालीवाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने चुनावों के दौरान जो गारंटियां दी थीं, उन्हें जमीन पर उतारा जा रहा है और आगे भी विकास के नाम पर जनता के बीच जाया जाएगा।