भारत के सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीश न्यायमूर्ति एम.एम. सुंदरेश ने शुक्रवार को परिवार सहित अमृतसर स्थित श्री दुर्गियाना मंदिर पहुंचकर भगवान लक्ष्मी नारायण के दर्शन किए और देश की सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की। मंदिर पहुंचने पर श्री दुर्गियाना प्रबंधक कमेटी की अध्यक्ष लक्ष्मी कांता चावला और अन्य पदाधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर न्यायमूर्ति सुंदरेश को मंदिर प्रबंधन की ओर से सिरोपा और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना के दौरान न्यायमूर्ति सुंदरेश ने कुछ समय धार्मिक वातावरण में बिताया। मंदिर प्रबंधन ने उन्हें श्री दुर्गियाना मंदिर के इतिहास, धार्मिक महत्व और यहां संचालित सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों की भी जानकारी दी। इस दौरान मंदिर कमेटी के पदाधिकारी और श्रद्धालु भी मौजूद रहे।