सच्चखंड श्री हरिमंदिर साहिब में नानकशाही कैलेंडर के अनुसार नए साल संवत 558 के आगमन को लेकर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) की ओर से बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं। श्री दरबार साहिब के मैनेजर भगवंत सिंह धंगेड़ा ने जानकारी देते हुए बताया कि नानकशाही संवत के अनुसार नया साल 14 मार्च (1 चेत) से शुरू हो रहा है। इस अवसर पर गुरुद्वारा गुरुद्वारा मंजी साहिब दीवान हाल में श्री अखंड पाठ साहिब आरंभ कर दिए गए हैं, जिनका भोग 14 मार्च को सुबह करीब 10 बजे डाला जाएगा। इसके बाद संगत के लिए विशेष गुरमत समागम आयोजित किया जाएगा। नए साल की पूर्व संध्या पर 13 मार्च की शाम 7 बजे से रात 12 बजे तक गुरुद्वारा मंजी साहिब दीवान हाल में विशेष धार्मिक दीवान सजेंगे। इस दौरान शिरोमणि कमेटी के हजूरी रागी जत्थे, ढाडी और कविशर संगत को गुरबाणी कीर्तन और सिख इतिहास के माध्यम से निहाल करेंगे। इस अवसर पर श्री हरिमंदिर साहिब के ग्रंथी सिंह साहिब ज्ञानी बलविंदर सिंह कोंझला भी विशेष रूप से उपस्थित होकर संगत के साथ गुरमत विचार साझा करेंगे। नए साल के आगमन पर 14 मार्च की अमृत वेले (रात 12 बजे के बाद) सच्चखंड श्री हरिमंदिर साहिब परिसर में भव्य आतिशबाजी भी की जाएगी। मैनेजर भगवंत सिंह धंगेड़ा ने संगत से अपील की है कि वे परिवार सहित इन समागमों में शामिल होकर गुरु चरणों में हाजिरी लगाएं और नए साल की शुरुआत आशीर्वाद के साथ करें।