मध्य-पूर्व में जारी तनाव का असर अब पंजाब की हवाई सेवाओं पर भी साफ दिखाई देने लगा है। यूएस और इजराइल द्वारा Iran पर किए गए संयुक्त हमलों के बाद क्षेत्र में हालात बेहद तनावपूर्ण हो गए हैं। सुरक्षा कारणों से कई देशों ने अपना एयरस्पेस अस्थायी रूप से बंद कर दिया है, जिसका सीधा प्रभाव श्री गुरु राम दास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पड़ा है। रविवार को एयरपोर्ट पर सन्नाटा पसरा रहा। दुबई, शारजाह और अन्य खाड़ी देशों के लिए जाने वाली और वहां से आने वाली करीब 10 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं। खासतौर पर यूएई के शहर दुबई और शारजाह के लिए संचालित उड़ानें प्रभावित रहीं। अचानक उड़ानें रद्द होने से सैकड़ों यात्री एयरपोर्ट पर फंस गए। यात्रियों का कहना है कि उनके पास कंफर्म टिकट थीं, लेकिन एयरपोर्ट पहुंचने पर उन्हें बताया गया कि उड़ान रद्द कर दी गई है। आगे की उड़ानों को लेकर भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही, जिससे यात्रियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। यात्री अरविंदर सिंह ने बताया कि वह पिछले दो वर्षों से Doha में काम कर रहा है और एक महीने पहले घर आया था। कंपनी ने वापसी का टिकट भेजा था, लेकिन एयरपोर्ट पर उसे उड़ान रद्द होने की सूचना मिली। वहीं गुरदासपुर जिले के कलानौर निवासी जगदीप सिंह ने बताया कि उसे मस्कट जाना था, जहां वह पिछले 10 वर्षों से कार्यरत है। उड़ान रद्द होने से उसकी नौकरी पर भी संकट खड़ा हो गया है। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार करीब दस अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हुई हैं। हालात सामान्य होने तक उड़ानों की बहाली को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। यात्रियों को संबंधित एयरलाइन से संपर्क में रहने की सलाह दी गई है।