शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के अध्यक्ष सिमरनजीत सिंह मान ने पंजाब में नशे की सप्लाई, किसानों की आर्थिक स्थिति, पाकिस्तान के साथ व्यापार और एसजीपीसी की आम चुनाव प्रक्रिया को लेकर केंद्र और पंजाब सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सीमा पर बीएसएफ की तैनाती और सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बावजूद पंजाब में नशे और ड्रोन के जरिए नशीले पदार्थों की सप्लाई कैसे हो रही है। उन्होंने पुलिस के मालखानों में जमा नशीले पदार्थों की सेशन जजों के माध्यम से निष्पक्ष जांच करवाने की मांग भी की। मान ने किसानों की आर्थिक स्थिति में सुधार के लिए वाघा सीमा और करतारपुर साहिब से जुड़े रास्तों के माध्यम से व्यापारिक गतिविधियां शुरू करने की वकालत की। उन्होंने कहा कि सीमाएं व्यापार के लिए खुलने से किसानों को अपनी फसलों और कृषि उत्पादों के लिए नए बाजार मिल सकते हैं। विदेशों में सिखों के साथ हुई हिंसक घटनाओं का जिक्र करते हुए मान ने कुछ मामलों की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जांच करवाने की मांग की। वहीं, उन्होंने लंबे समय से एसजीपीसी की आम चुनाव प्रक्रिया पूरी नहीं होने पर ऐतराज जताते हुए इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ बताया।