मंडला जिले में हो रही मूसलाधार बारिश के बीच मां नर्मदा का रौद्र और विराट स्वरूप देखने को मिल रहा है। मंडला के माहिष्मती घाट और प्रसिद्ध पर्यटन स्थल सहस्त्रधारा से नर्मदा के अद्भुत और विहंगम दृश्य कैमरे में कैद हुए हैं। एरियल व्यू में माहिष्मती घाट पर नर्मदा का बढ़ा हुआ जलस्तर साफ नजर आ रहा है। छोटे रपटा पुल के आसपास पानी का बहाव बढ़ गया है और घाटों तक नर्मदा का पानी पहुंचता दिखाई दे रहा है।
ये भी पढ़ें- MP: 4338 बच्चे अति कुपोषित, 44 अब भी अस्पताल में भर्ती; बालाघाट में बैगा मासूमों पर क्यों मंडरा रहा संकट?
वहीं, सहस्त्रधारा में उफान पर बहती नर्मदा की हजारों धाराएं नदी के विराट स्वरूप का एहसास करा रही हैं। चट्टानों से टकराता तेज पानी और नर्मदा की गर्जना यहां के नजारे को बेहद रोमांचक बना रही है।मूसलाधार बारिश के बीच मां नर्मदा का यह रूप एक ओर जहां लोगों को मंत्रमुग्ध कर रहा है, वहीं दूसरी ओर नदी के बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव की भयावहता भी साफ दिखाई दे रही है। माहिष्मती घाट से लेकर सहस्त्रधारा तक, बारिश के बीच मां नर्मदा का यह अलौकिक और रौद्र रूप मंडला की प्राकृतिक सुंदरता की भव्य तस्वीर पेश कर रहा है।