मध्य प्रदेश में सिंहस्थ 2028 की तैयारियां अभी से जोर पकड़ने लगी हैं। शासन के निर्देश पर तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में परिक्रमा मार्ग को चौड़ा और सुगम बनाने के लिए प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू कर दिया है। मंगलवार को ओंकार मठ आश्रम से संगम घाट तक राजस्व विभाग और नगर परिषद ओंकारेश्वर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। इस दौरान परिक्रमा मार्ग पर किए गए करीब 15 मकानों और दुकानों के अवैध अतिक्रमण जेसीबी की मदद से हटाए गए। प्रशासन की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य सिंहस्थ के दौरान ओंकारेश्वर पहुंचने वाले लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुगम बनाना है। जानकारी के अनुसार, परिक्रमा मार्ग पर अतिक्रमण के कारण श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी होती थी। इसी को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में यह अभियान चलाया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान नायब तहसीलदार उदय मंडलोई, नगर परिषद सीएमओ मोनिका पारधी सहित राजस्व विभाग और नगर परिषद का अमला मौके पर मौजूद रहा। अधिकारियों की मौजूदगी में टीम ने मार्ग में बाधा बन रहे टीन शेड, चबूतरे और अस्थायी निर्माणों को हटाया। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, अतिक्रमण हटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा। ओंकारेश्वर के परिक्रमा मार्ग को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त कर व्यवस्थित किया जाएगा, ताकि सिंहस्थ 2028 के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। इसके साथ ही नर्मदा के घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को भी सुगम बनाया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत किया है। उनका कहना है कि परिक्रमा मार्ग के अतिक्रमण मुक्त होने से सिंहस्थ के दौरान ही नहीं, बल्कि सामान्य दिनों में भी दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे परिक्रमा मार्ग पर अतिक्रमण न करें और शासन की तैयारियों में सहयोग करें।