जिले के जबलपुर नाका चौकी क्षेत्र के ग्वारी गांव से गुरुवार शाम लापता हुई 20 वर्षीय युवती का शव रविवार को नदी किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान सोमा पटेल के रूप में हुई है। युवती के शरीर पर खून के निशान मिलने से उसकी मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं, मृतका के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
चार दिन से लापता थी सोमा, तलाश के बीच नदी किनारे मिला शव
जानकारी के अनुसार, ग्वारी गांव निवासी 20 वर्षीय सोमा पटेल गुरुवार शाम से अचानक लापता हो गई थी। काफी तलाश करने के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस से शिकायत की थी। पुलिस ने गुम इंसान कायम कर युवती की तलाश शुरू कर दी थी। इसी बीच रविवार को नदी किनारे उसका शव बरामद हुआ। शव मिलने की खबर से परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में भी सनसनी फैल गई।
ये भी पढ़ें- विदिशा में पुतला दहन की आग बुझाने गया जवान खुद झुलसा, अस्पताल पहुंचे एसपी; कांग्रेसियों पर केस दर्ज
भाई ने उठाए सवाल, कहा- डूबने से मौत हुई तो शरीर पर खून के निशान कैसे आए?
मृतका के भाई गिरधारी पटेल ने बहन की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि यदि सोमा की मौत नदी में डूबने से हुई है तो उसके शरीर पर खून के निशान कैसे आए? इसी सवाल को लेकर परिजनों ने घटना की परिस्थितियों पर संदेह जताया है। भाई ने पुलिस से मामले की गंभीरता से जांच करने और मौत के पीछे जिम्मेदार लोगों का पता लगाकर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच
घटना के संबंध में सीएसपी एचआर पांडे ने बताया कि युवती के लापता होने पर गुम इंसान कायम किया गया था। गुरुवार से लापता युवती का शव रविवार को बरामद हुआ है। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई है। इसके बाद मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच से खुलेगा मौत का राज
फिलहाल युवती की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। परिजनों द्वारा जताई गई हत्या की आशंका और शरीर पर मिले खून के निशानों को देखते हुए मामले की जांच महत्वपूर्ण हो गई है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर विधिवत कार्रवाई की जाएगी। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच से ही स्पष्ट हो सकेगा कि युवती की मौत हादसा थी या इसके पीछे कोई आपराधिक वजह है।