फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दमोह: नवरात्रि में पूजा करने निकली वृद्धा की गला रेतकर हत्या, जर्जर भवन में मिला शव, नकदी और गहने गायब

Thu, 15 Oct 2026 04:18 PM IST
दमोह ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, दमोह

जिले के नोहटा थाना क्षेत्र के बिसनाखेड़ी गांव में एक वृद्ध महिला की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान 75 वर्षीय पार्वती बाई लोधी के रूप में हुई है। उनका शव गांव के जर्जर आंगनबाड़ी केंद्र में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने हत्या के पीछे लूट की आशंका जताई है। उनका दावा है कि महिला के पास मौजूद पर्स से नकदी और गहने गायब हैं। परिजनों ने गांव के नायक परिवार के कुछ लोगों पर भी संदेह जताते हुए आरोप लगाए हैं, हालांकि पुलिस ने इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी ली गई। साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम, फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ और डॉग स्क्वॉड की मदद ली जा रही है।

नवरात्रि में पूजा करने गई थीं पार्वती बाई
परिजनों के अनुसार नवरात्रि पर्व के दौरान पार्वती बाई देवी पंडाल में पूजा करने गई थीं। इसके बाद वे घर वापस नहीं लौटीं। देर रात तक उनके घर नहीं पहुंचने पर परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। परिजनों को उम्मीद थी कि वे आसपास किसी परिचित के यहां होंगी लेकिन अगले दिन भी उनका पता नहीं चला। बाद में ग्रामीणों के माध्यम से उनके आंगनबाड़ी केंद्र में पड़े होने की सूचना मिली। परिजन मौके पर पहुंचे तो वहां पार्वती बाई का शव मिला। शव मिलने की खबर से परिवार में चीख-पुकार मच गई।

नकदी और गहने गायब होने का दावा
मृतका के दामाद हिम्मत सिंह लोधी ने बताया कि पार्वती बाई के पास एक पर्स था, जिसमें करीब 10 हजार रुपये नकद रखे होने की संभावना है। इसके अलावा उनके पास लगभग 70 से 80 हजार रुपये कीमत के गहने होने की बात भी परिजनों ने कही है। परिजनों का दावा है कि घटना के बाद नकदी और गहने गायब हैं।

घटनास्थल के आसपास कपड़े बिखरे होने की जानकारी भी सामने आई है। इन परिस्थितियों के आधार पर परिवार ने आशंका जताई है कि महिला की हत्या लूट के इरादे से की गई होगी। हालांकि नकदी और गहनों की वास्तविक मात्रा, उनके गायब होने की स्थिति तथा हत्या के पीछे का कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। इधर मृतका के परिजनों ने गांव में रहने वाले नायक परिवार के कुछ लोगों पर हत्या और लूट की घटना में शामिल होने का संदेह जताया है। दामाद हिम्मत सिंह लोधी का आरोप है कि पार्वती बाई की हत्या करने के बाद शव को आंगनबाड़ी केंद्र में छोड़ दिया गया।

ये भी पढ़ें: अनूपपुर सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला समेत तीन की मौत, एक ने मौके पर तो दो ने अस्पताल में दम तोड़ा

परिजनों ने घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों का पता लगाकर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। हालांकि जिन लोगों पर संदेह जताया गया है, उनकी भूमिका को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता साक्ष्यों और जांच के आधार पर ही हो सकेगी।

एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
वृद्धा की हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों से घटनाक्रम की जानकारी ली। नोहटा थाना पुलिस ने मौके पर जांच शुरू करते हुए साक्ष्य जुटाने के लिए विशेषज्ञों की मदद ली है।

एफएसएल टीम और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने में लगे हैं। वहीं डॉग स्क्वॉड की मदद से भी जांच की जा रही है। पुलिस इस बात का पता लगाने का प्रयास कर रही है कि पार्वती बाई की हत्या किन परिस्थितियों में हुई और वारदात को अंजाम देने वालों की पहचान कैसे की जा सकती है।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
पुलिस ने आज सुबह पंचनामा कार्रवाई और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल हत्या के पीछे का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच में जुटी है। शव बरामद कर घटनास्थल पर जांच करती पुलिस- फोटो : credit   शव बरामद कर घटनास्थल पर जांच करती पुलिस- फोटो : credit   शव बरामद कर घटनास्थल पर जांच करती पुलिस- फोटो : credit  

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें