बड़वानी पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के नेतृत्व और मार्गदर्शन में बड़वानी पुलिस ने थानों की पारंपरिक छवि में बदलाव की पहल की है। थाना कोतवाली बड़वानी, थाना सिलावद, थाना सेंधवा शहर, थाना सेंधवा ग्रामीण और थाना राजपुर के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय बड़वानी को ISO प्रमाणन प्राप्त हुआ है। बड़वानी पुलिस ने अपराध नियंत्रण के साथ थानों में इंसानियत, सकारात्मक सोच और सुव्यवस्थित व्यवस्था को प्राथमिकता दी। थानों में आने वाली महिलाओं के लिए सैनिटरी पैड, शिशुओं को स्तनपान कराने के लिए विशेष कक्ष, छोटे बच्चों के लिए कॉमिक्स बुक्स और फरियादियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
हवालात में बदलाव की कहानियां, अपराध से दूर रहने का संदेश
बड़वानी थाने की हवालात को सुधार की दिशा में अलग पहल के तौर पर विकसित किया गया है। यहां दीवारों पर क्रूर डाकू अंगुलिमाल के हृदय परिवर्तन से लेकर रत्नाकर के महर्षि वाल्मीकि बनने तक की कहानियों को चित्रों और संदेशों के माध्यम से उकेरा गया है।इनका उद्देश्य निरुद्ध व्यक्तियों में आत्मचिंतन, सकारात्मक सोच और नैतिक मूल्यों को विकसित करना तथा उन्हें अपराध से दूर रहकर बेहतर जीवन की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। इन संदेशों और प्रसंगों को अंकित करने से पहले रिटायर्ड जजों और पीसी अधिकारियों से परामर्श लिया गया, ताकि ऐसे प्रसंग चुने जा सकें, जो व्यक्ति को आत्मचिंतन के लिए प्रेरित करें।
महिलाओं, बच्चों और फरियादियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं
बड़वानी पुलिस की पहल हवालात तक सीमित नहीं रही। थानों में नागरिकों के लिए सुविधाजनक और पारदर्शी व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया गया। महिला ऊर्जा केंद्र, बाल मित्र कक्ष और वात्सल्य कक्ष सहित जरूरतमंद वर्गों के लिए उपलब्ध सुविधाओं को ISO निरीक्षण के दौरान देखा गया। जब्त की गई चीजों और वाहनों पर क्यूआर कोड लगाए गए हैं, जिससे संबंधित जानकारी आसानी से प्राप्त की जा सके। पुलिस थानों में सकारात्मक एवं मानवीय वातावरण विकसित करने के लिए किए गए इन नवाचारों को प्रमाणन प्रक्रिया में विशेष महत्व दिया गया।
ये भी पढ़ें- Twisha Case: फुटेज किसने गायब कराए, फंदे की बेल्ट डॉक्टरों को क्यों नहीं सौंपी? चार्जशीट के बाद भी उठे सवाल
निरीक्षण में कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं का परीक्षण
आईएसओ प्रमाणन की प्रक्रिया के तहत आईएसओ टीम ने संबंधित थानों और पुलिस अधीक्षक कार्यालय का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान अभिलेख संधारण, कार्यों की निगरानी, जवाबदेही, नागरिक सेवाओं की गुणवत्ता और निर्धारित प्रक्रियाओं के प्रभावी अनुपालन सहित पुलिस कार्यप्रणाली से जुड़े विभिन्न बिंदुओं का परीक्षण किया गया। निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्यप्रणाली और व्यवस्थाएं पाए जाने के बाद प्रमाणन की प्रक्रिया पूर्ण की गई। निरीक्षण के बाद संस्था के सलाहकार एस.के. विद्यार्थी ने डीआईजी निमाड़ रेंज सिमाला प्रसाद की उपस्थिति में ISO प्रमाण-पत्र पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल को प्रदान किया।
डीआईजी ने पुलिस टीम को दी बधाई
इस अवसर पर डीआईजी निमाड़ रेंज सिमाला प्रसाद ने जिला पुलिस बड़वानी को आईएसओ प्रमाणन की उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने निर्धारित मानकों को बनाए रखते हुए नागरिकों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवाएं प्रदान करने के लिए पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रेरित किया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर, एसडीओपी बड़वानी महेश सुनैया, एसडीओपी सेंधवा अजय वाघमारे, थाना प्रभारी बड़वानी बलजीत बिसेन सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।