लखनऊ फैजाबाद रोड स्थित सहारा शॉपिंग सेंटर परिसर की पार्किंग में सीवर पाइप लाइन फटने से पार्किंग स्थल का एक हिस्सा दूसरी ओर अचानक धंस गया। पाइप लाइन से लगातार हो रहे सीवर के पानी के तेज बहाव से जमीन के अंदर की मिट्टी कट गई, जिससे वहां गहरा गड्ढा बन गया। स्थानीय व्यापारियों और निजी ऑफिस के कर्मचारियों ने तुरंत जलकल विभाग और संबंधित अधिकारियों को मामले की सूचना दी। हालांकि, शिकायत दर्ज कराने के बाद भी विभाग की ओर से कोई कार्रवाई करने नहीं आया। दुर्घटना की आशंका को देखते हुए व्यापारियों ने खुद ही प्रभावित क्षेत्र को घेरकर आवाजाही रोक दी है और जल्द से जल्द मरम्मत कार्य शुरू करने की मांग की है।