नेशनल पीजी कॉलेज के इतिहास विभाग की ओर से ‘नैरेटिव्स बियॉन्ड टेक्स्ट्स : मटेरियल कल्चर, ओरल ट्रेडिशन्स एंड इंडिजिनस नॉलेज सिस्टम्स’ विषय पर आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी के पहले दिन भारतीय इतिहास और मौखिक परंपराओं पर चर्चा हुई। भारतीय मुद्रा विज्ञान सोसायटी के अध्यक्ष प्रो. प्रशांत श्रीवास्तव ने कहा कि सम्राट अशोक के पहले का लिखित साहित्य हमें उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। हालांकि, इससे यह निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता कि उस दौर में विद्वान साहित्य की रचना नहीं करते थे। उन्होंने कहा कि उस समय विद्वान अपनी रचनाएं लिखते जरूर रहे होंगे, लेकिन उनके लिखित प्रमाण बहुत कम मिलते हैं। इसके पीछे एक प्रमुख कारण मौखिक परंपरा रही। विद्वान अपनी रचनाओं को शिष्यों को कंठस्थ करा देते थे और बाद में अपनी लिखित कृतियों को नष्ट कर देते थे। इस तरह उनकी रचनाएं शिष्यों के माध्यम से मौखिक रूप में पीढ़ी दर पीढ़ी आगे बढ़ती रहीं। प्रो. श्रीवास्तव ने प्राचीन ज्ञान के संरक्षण और प्रसार में गुरु-शिष्य परंपरा की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। संगोष्ठी में भौतिक संस्कृति, मौखिक परंपराओं और स्वदेशी ज्ञान प्रणालियों के जरिए इतिहास को समझने के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।