राजधानी में सफाई कर्मचारियों से जुड़ी समस्याओं को लेकर सोमवार को दो स्थानों पर धरना-प्रदर्शन हुआ। इको गार्डन में ग्रामीण स्वच्छताग्राही कर्मचारी संगठन, उत्तर प्रदेश के बैनर तले स्वच्छताग्राहियों ने समायोजन और निश्चित मानदेय की मांग उठाई। वहीं, लालबाग स्थित नगर निगम कार्यालय के बाहर सफाई कर्मचारी संघर्ष संयुक्त मोर्चा के सदस्यों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर प्रदर्शन किया। इको गार्डन में धरने पर बैठे स्वच्छताग्राहियों का कहना है कि वे 26 अक्टूबर 2026 से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन अब तक किसी जिम्मेदार अधिकारी ने उनका मांग-पत्र तक नहीं लिया है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि पूर्व में जिला पंचायत राज अधिकारी हिमांशु शेखर ठाकुर की ओर से आश्वासन दिया गया था, इसके बावजूद स्वच्छताग्राहियों को अब तक पूरी तरह आरआरसी सेंटर पर समायोजित नहीं किया गया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि नियमित काम नहीं मिलने और मानदेय की व्यवस्था न होने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कई स्वच्छताग्राही भुखमरी की कगार पर पहुंच गए हैं। संगठन ने मांग की कि सभी स्वच्छताग्राहियों को आरआरसी सेंटर पर समायोजित किया जाए और उनसे नियमित काम लेकर हर महीने निश्चित मानदेय दिया जाए। उधर, लालबाग स्थित नगर निगम कार्यालय के बाहर सफाई कर्मचारी संघर्ष संयुक्त मोर्चा, उत्तर प्रदेश के सदस्यों ने भी अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम प्रशासन से समस्याओं के समाधान और मांगों पर कार्रवाई की अपील की।