इको गार्डन में सोमवार को उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाओं ने अपनी मांगों को लेकर सड़क पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने दो हजार रुपये के मौजूदा मानदेय को बढ़ाकर 20 हजार रुपये करने की मांग उठाई। उनका कहना है कि काम के अनुरूप उन्हें उचित मानदेय और सुविधाएं मिलनी चाहिए। महिलाओं ने मानदेय बढ़ाने के साथ आने-जाने का भत्ता, मोबाइल रिचार्ज और पांच लाख रुपये का बीमा देने की मांग की। इसके अलावा सभी को आईडी कार्ड और यूनिफॉर्म उपलब्ध कराने की बात कही। प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांग है कि उन्हें स्थायी कर्मचारी का दर्जा दिया जाए। महिलाओं ने सरकार से उनकी मांगों पर जल्द निर्णय लेने की अपील की।