राजधानी लखनऊ में मड़ियांव पुलिस ने बंद मकानों में चोरी और मोबाइल चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एसर का लैपटॉप, एप्पल आईपैड, सैमसंग एस-22 मोबाइल, आभूषण, तीन घड़ियां और वारदात में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा बरामद किया गया है। पुलिस के मुताबिक, गैंग का सरगना हर्ष पांडेय उर्फ प्रिन्स उर्फ दिव्यांशु पांडेय है, जो युवकों को नशे की लत लगाकर उनसे चोरी की वारदातें कराता था। इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा ने बताया कि 16 जुलाई को हरिओम नगर, गायत्री नगर निवासी मीना सिंह के बंद मकान का ताला तोड़कर नकदी, जेवर, लैपटॉप, आईपैड समेत अन्य सामान चोरी कर लिया गया था। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम लगातार आरोपियों की तलाश कर रही थी। शनिवार देर रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने यादव चौराहे के पास घेराबंदी कर ऑटो रिक्शा से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में हर्ष पांडेय निवासी हरिओम नगर, फैजुल्लागंज, कृष्णा गुप्ता निवासी नारायणपुरी, शिला गैस गोदाम के पास, कृष्णानगर (मूल निवासी नानपारा, बहराइच), सुमित श्रीवास्तव उर्फ नाटी निवासी लाल साहब स्कूल के पास, रामलीला मैदान, मड़ियांव (मूल निवासी कंजा, सिधौली, सीतापुर), अभिषेक तिवारी उर्फ विशाल तिवारी निवासी लाल साहब स्कूल के पास, रामलीला मैदान, मड़ियांव (मूल निवासी निघुआमऊ, मछरेहटा, सीतापुर) तथा राजा गुप्ता निवासी सुग्गामऊ, इंदिरानगर (मूल निवासी जगदीश नगर, नानपारा, बहराइच) शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, गैंग का सरगना हर्ष बीए द्वितीय वर्ष का छात्र है और पार्ट-टाइम स्मार्ट मीटर लगाने का काम करता है। कृष्णा दसवीं का छात्र है। सुमित चाय बेचता है, अभिषेक फ्लिपकार्ट में डिलीवरी बॉय है, जबकि राजा रैपिडो चालक है। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से एसर का लैपटॉप, एप्पल आईपैड, सैमसंग गैलेक्सी एस-22 मोबाइल, दो जोड़ी पायल, दो कड़े, एक अंगूठी, दो मंगलसूत्र, तीन हाथ घड़ियां तथा वारदात में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा बरामद किया गया। इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्रा के अनुसार, हर्ष पांडेय के खिलाफ मड़ियांव थाने में पहले से पांच मुकदमे दर्ज हैं। जांच में सामने आया है कि वह नए युवकों को नशे का आदी बनाकर गिरोह में शामिल करता था और उनसे बंद मकानों में चोरी तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मोबाइल चोरी की घटनाएं कराता था। अन्य गिरफ्तार आरोपियों का भी आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।