राजधानी लखनऊ में चिनहट विधायक चौराहा स्थित जलान किचेन स्टोर की दुकान पर अवैध घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर रिफिलिंग की शिकायत पर गुरुवार को खाद्य रशद आपूर्ति विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने करीब चार घंटे तक छापेमारी कर जांच की। कार्रवाई के दौरान इलाके में हड़कंप मच गया और आसपास की दुकानों में अफरा-तफरी का माहौल रहा। खाद्य रशद आपूर्ति विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी पारस नाथ पाल ने गुरुवार चिनहट पुलिस टीम के मौजूदगी में चिनहट बाज़ार स्थित जलान किचेन स्टोर की दुकान के अंदर रखे गैस सिलेंडरों और रिफिलिंग से जुड़े उपकरणों की बारीकी से जांच की गई। इस दौरान टीम ने आवश्यक दस्तावेज और जानकारी भी जुटाई। प्रारंभिक जांच में अवैध तरीके से गैस रिफिलिंग की आशंका जताई गई है। इस तरह की गतिविधि को बेहद खतरनाक माना जाता है, क्योंकि इससे आग लगने और विस्फोट जैसी घटनाओं का खतरा बना रहता है। हालांकि, कार्रवाई के बाद क्षेत्रीय अधिकारी पारस नाथ पाल ने बताया कि यह एक सामान्य जांच थी और मौके पर सब कुछ सामान्य पाया गया। अधिकारी के इस बयान के बाद कार्रवाई की गंभीरता को लेकर सवाल भी उठने लगे हैं। पारस नाथ पाल ने यह भी बताया कि पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी। इस बीच, करीब चार घंटे चली इस कार्रवाई से स्थानीय व्यापारियों में हड़कंप का माहौल रहा और लोग पूरे घटनाक्रम को लेकर चर्चा करते नजर आए।