जम्मू-कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरेंद्र चौधरी ने कुलियां से आरएस पुरा तक सड़क निर्माण कार्य का उद्घाटन कर इसे शुरू करवाया। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समय सीमा के भीतर काम पूरा करने के निर्देश दिए। उपमुख्यमंत्री ने बाल आश्रम और गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल में चल रहे विकास कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों और ठेकेदार को निर्देश देते हुए कहा कि सभी विकास कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुसार पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अधिकारियों को काम की नियमित निगरानी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों को बेहतर सड़क सुविधा और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। इसके लिए आवश्यक है कि विकास कार्यों को तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को इनका लाभ मिल सके। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी और क्षेत्र के कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।