अमर उजाला ब्यूरो झांसी। गरौठा से भाजपा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने कहा कि योगी सरकार में केवल पूर्व सपा विधायक दीपनारायण सिंह यादव के खिलाफ ही कार्रवाई नहीं हुई, बल्कि प्रदेश के सभी माफियाओं पर शिकंजा कसा गया है। सरकार ने अपराध और माफिया के खिलाफ बिना भेदभाव के कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि एरच बांध का निर्माण पूरा होना क्षेत्र की आवश्यकता है। इसका निर्माण हर हाल में पूरा कराया जाएगा। इस दौरान विधायक ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियां भी गिनाईं। उन्होंने दावा किया कि उनके कार्यकाल में क्षेत्र का चहुंमुखी विकास हुआ है और विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया गया है।