जिला मुख्यालय स्थित राजकीय पीजी कॉलेज को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी टकराव बढ़ता नजर आ रहा है। ऊना के विधायक एवं पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कॉलेज प्रशासन पर भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे मामले की विजिलेंस जांच करवाने की मांग उठाई है। सत्ती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कॉलेज की परीक्षा व्यवस्था, विभिन्न फंडों के इस्तेमाल, विद्यार्थियों की फीस में बढ़ोतरी, इनकम टैक्स भुगतान, एक्सपोजर विजिट और कॉलेज परिसर में कमरों के आवंटन को लेकर कई सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने दावा किया कि परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाएं विद्यार्थियों को घर ले जाने के लिए दिए जाने जैसे गंभीर मामले भी सामने आए हैं, जिनकी विश्वविद्यालय स्तर पर जांच चल रही है।