लोक निर्माण विभाग उपमंडल के तहत आने वाली अंब–चक्कसराय –सूरी सड़क पर अकरोट के पास भारी बारिश के चलते लैंडस्लाइड हुआ था। इसके चलते सड़क का एक हिस्सा पहाड़ी के मलबे से दबा पड़ा है। यहां तीखा मोड़ होने के कारण वाहनों का क्रॉस करना मुश्किल हो गया है। जब सामने से कोई गाड़ी आती है तो ड्राइवरों को जान जोखिम में डालकर पास लेना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार विभाग को समस्या से अवगत करवाया गया, लेकिन विभाग ने मलबा हटाना जरूरी नहीं समझा। लोगों ने सवाल उठाया है कि क्या विभाग किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? कनिष्ठ अभियंता वीरेंद्र वर्मा ने बताया कि समस्या ध्यान में है और जल्द ही मलबा हटाकर सड़क को सुचारू कर दिया जाएगा।