उपमंडल बंगाणा की चौकी मन्यार पंचायत के गांव बगलाना स्थित बाबा बालक नाथ मंदिर में रविवार को छिंज मेले का आयोजन हुआ। इसमें हिमाचल, पंजाब और हरियाणा से नामी पहलवान उतरे और अखाड़े में जोर आजमाइश की। दंगल का सबसे बड़ा आकर्षण रही हमीरपुर की नेशनल खिलाड़ी कृतिका। उनका मुकाबला दिल्ली के पहलवान रोहित से हुआ, जिसमें उन्होंने शानदार जीत हासिल की। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से महिला पहलवान का उत्साह बढ़ाया। कमेटी ने भी कहा कि महिलाएं अब किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से पीछे नहीं हैं। कृतिका का प्रदर्शन इस इलाके में नया नहीं है। वह इससे पहले दरगेड़ी, बगलाना और खरयालता के दंगलों में भी कई पुरुष पहलवानों को चित कर चुकी हैं। फाइनल मुकाबला हरियाणा के पी.टी. कैथल और चौकी मन्यार के प्रिंकल के बीच खेला गया। कड़े संघर्ष के बाद पी.टी. कैथल ने जीत दर्ज की। विजेता को 17 हजार रुपये और उपविजेता को 14 हजार रुपये नकद इनाम दिया गया। मंदिर कमेटी के प्रधान सीता राम ने बताया कि अखाड़े में पहलवानों के दांव-पेच देखने के लिए हजारों की संख्या में दर्शकों की भीड़ उमड़ी पड़ी। प्रधान सीता राम ने पहलवानो और आये हुए लोगों का धन्यवाद भी किया।