डीआरडीए सभागार ऊना में गुरुवार को ऊना खंड के डिपो संचालकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें मुख्य रूप से खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ऊना की निरीक्षक रजनी कालिया मौजूद रहीं। जबकि ऊना खंड के करीब 65 डिपो संचालकों ने उपस्थिति दर्ज कराई। डिपार्टमेंट आफ डिजिटल टेक्नालाजी एंड गर्वनेंस एवं डिपार्टमेंट आफ डिजिटल टेक्नोलाजीस एवं फूड, सिविल, सप्लाईस और उपभोक्ता मामलों के संयुक्त तत्वाधान में हुए कार्यक्रम में यूआइडीएआइ की ओर से प्रशिक्षक कुलदीप शर्मा वीडियो कांफ्रेंसिंग से प्रमुख रूप से जुड़े। आनलाइन माध्यम से ऊना, सोलन, सिरमौर आदि चार जिलों के डिपो संचालकों ने अपनी समस्याएं रखीं। उचित मूल्य की दुकान पर उपभोक्ताओं को राशन देने के लिए दी गईं पीओएस मशीनों पर सर्वर डाउन एवं आधार संबंधित अपडेट व समाधान के बारे में बताया गया। प्रशिक्षक कुलदीप शर्मा ने कहा कि अकसर मशीनों पर वृद्धों के बायोमीट्रिक अपडेट न होने पर समस्या आती है। कई बार मशीन पर एक उपभोक्ता की बायोमीट्रिक करने के बाद दूसरे की करने से पूर्व स्थान को साफ करें। उन्होंने कहा कि डिपो संचालकों की समस्याओं के निदान के लिए विभाग ने एक और एजेंसी अधिकृत की है। ताकि उनकी समस्या को त्वरित समाधान मिल सके। डिपो संचालकों ने बताया कि मशीन पर विभिन्न प्रकार के एरर, ओटीपी न जाना, वयोवृद्धों के बायोमीट्रिक अपडेट के बाद भी दिक्कत कायम है। जिसके समाधान की जल्द मांग की। इस मौके पर डिपो संचालकों में मुकेश कुमार, योगेश पुरी, तिलक राज मेहरा, सागर पूरी, ब्रिज लाल गौतम, पुष्पा शर्मा आदि कई ने भाग लिया।