नगर परिषद संतोषगढ़ में सोमभद्रा ( स्वां) नदी में लंबे समय से चल रहे अवैध खनन गतिविधियों को जांचने के लिए शनिवार को ऊना सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सतपाल सत्ती ने स्वां नदी में पहुंचे। विधायक के साथ संतोषगढ़ नगर परिषद के उपाध्यक्ष रजनीश चब्बा भी साथ रहे। सदर के विधायक सतपाल सत्ती ने नदी में चल रहे अवैध खनन कार्यों पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि दिन प्रतिदिन बढ़ रहे अवैध खनन कार्यों से भविष्य में स्थानीय नगर परिषद के साथ-साथ जिला भर में तबाही देखने को मिल सकती है। सत्ती ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में अवैध खनन को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जहां भाजपा की सरकार ने प्रदेश में सत्ता में रहते हुए करोड़ों रुपये स्वां नदी तटीकरण परियोजना पर खर्च किए और स्वां नदी का दोनों ओर से तटीकरण कार्य संपन्न किया था। वहीं अब जगह-जगह हो रहे अवैध खनन की वजह से स्वां तटीकरण खुर्द-बुर्द कर दिया गया है।