अंतर जिला क्रिकेट प्रतियोगिता में बिलासपुर की टीम ने लाहौल-स्पीति को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया है। सोमवार को इंदिरा मैदान ऊना में खेले गए मैच में बिलासपुर ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए लाहौल-स्पीति को आधे दिन के मैच में ही चलता किया। सात विकेट से जीत दर्ज करते हुए टीम ने केवल 16.3 ओवर में 100 रन के लक्ष्य को हासिल करते हुए 103 रन स्कोर बोर्ड पर जड़े और महज तीन विकेट ही गंवाए। सोमवार सुबह ऊना के इंदिरा गांधी खेल स्टेडियम पर हुए मैच में लाहौल-स्पीति ने टॉस जीत पहले बल्लेबाजी की। पूरी टीम 27.1 ओवर में 99 रन पर ही सिमट गई। बल्लेबाज शुभम ने 27, सुनेह 14, पृथ्वी 17 व अप्रवल राव ने 12 रन टीम के लिए जोड़े। बिलासपुर के गेंदबाज दिग्विजय सिंह रांगी ने सर्वाधिक चार व सचित शर्मा ने तीन विकेट झटके। रोहित, पीयूष व निखिल ने एक-एक विकेट हासिल किए। दूसरी ओर लक्ष्य को हासिल करने उतरी बिलासपुर की टीम ने 16.3 ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर जीत दर्ज की और 103 रन बना डाले। बल्लेबाज अर्णव भारद्वाज ने 35, आदित्य 26 व आर्यव्रत ने 27 रन की पारियां खेलीं। जबकि सचित ने नाबाद 8 व पारस ने 4 रन नाबाद बनाकर बिलासपुर टीम की जीत पक्की की। लाहौल-स्पीति के गेंदबाज अप्रवल, धीरज व सौरभ ने एक एक विकेट लिया।