खेलों के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से सोलन के ठोडो मैदान में तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। एक निजी अकादमी की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता का शुभारंभ सोमवार को हुआ। प्रतियोगिता में लड़कों के लिए वॉलीबाल और लड़कियों के लिए रस्साकशी के मुकाबले करवाए जा रहे हैं। इस आयोजन में सोलन, शिमला और सिरमौर जिलों की कई टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के साथ पर्यावरण संरक्षण के लिए भी जागरूक किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता की खास पहल यह है कि इसमें खिलाड़ियों के प्रदर्शन को पौधारोपण से जोड़ा गया है। वॉलीबाल मुकाबलों में जितने पॉइंट बनेंगे, अकादमी की ओर से उतने ही पेड़ लगाए जाएंगे। इसके अलावा लड़कियों के लिए आयोजित रस्साकशी प्रतियोगिता में जितनी युवतियां हिस्सा लेंगी, उनकी संख्या से 10 गुना अधिक पौधे लगाने का निर्णय लिया गया है। इस तरह खेलों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने की अनूठी पहल की गई है। अकादमी के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतियोगिता आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण को बचाने के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना है। खेलों के साथ पौधारोपण को जोड़कर युवाओं को प्रकृति के संरक्षण के लिए प्रेरित किया जा रहा है। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में विभिन्न जिलों की टीमें खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करने के साथ पर्यावरण संरक्षण के अभियान का हिस्सा बनेंगी।