श्रम विभाग ने पच्छाद के डिलमन क्षेत्र की तीन फैक्ट्रियों को मजदूरों का शेष वेतन जारी करने को लेकर निर्देश दिए हैं। इसके अलावा फैक्ट्रियों से संबंधित रिकार्ड भी मांगा है। मामले में सुनवाई को लेकर विभाग द्वारा सोमवार को तीनों फैक्ट्रियों के संचालकों सहित मजदूरों को बुलाया गया था। इस दौरान 23 के करीब मजदूर मौके पर मौजूद रहे। श्रम निरीक्षक विवेक नेगी ने बताया कि पच्छाद में तीन फैक्ट्रियों में कार्यरत मजदूरों ने वेतन न मिलने को लेकर शिकायत की थी। इसके बाद तीनों फैक्ट्रियों के संचालकों को बुलाया गया। दो फैक्ट्रियों एक संचालक की हैं। दोनों संचालकों को मजदूरों का लंबित वेतन जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा संबंधित रिकार्ड भी अगली तिथि पर मंगवाया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 70 के करीब प्रवासी मजदूरों ने शिकायत की थी कि उन्हें दो महीने का वेतन नहीं मिला है। उन्होंने तीन महीने काम किया था, लेकिन मई व जून महीने का वेतन उन्हें नहीं मिला है। ऐसे में उन्हें खाने का संकट हो गया है और मकान मालिक किराये की मांग कर रहे हैं और वह किराया भी नहीं दे पा रहे हैं।