एसडीएम नाहन की अदालत के आदेशों के बाद सोमवार को नगर परिषद नाहन, पशुपालन विभाग तथा पुलिस की टीम सुंदरबाग में एक महिला के घर पहुंची। इस दौरान आदेशों के अनुसार टीम ने महिला के घर में रखे गए कुत्तों की जांच की। टीम ने पुरे घर में तलाशी ली। इस दौरान टीम को मौके पर दो कुत्ते ही मिले। जैसे ही टीम मौके पर पहुंची तो आसपास से काफी भीड़ वहां जमा हो गई। इस दौरान शिकायतकर्ताओं ने काफी सवाल भी उठाए। नगर परिषद को इस मामले में कड़ी कार्रवाई करने की मांग मौके पर उपस्थित भीड़ ने की। उधर, मौके पर पहुंचे नगर परिषद नाहन के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार ने बताया कि एसडीएम की अदालत के आदेशों के बाद सुंदरबाग में पशुपालन व पुलिस विभाग की टीम के साथ महिला के घर का दौरा किया गया है। उन्होंने बताया कि मौके पर दो कुत्ते घर में मिले हैं। महिला को घर में तीन कुत्ते रखने की अनुमति है। उन्होंने बताया कि टीम को एक कुत्ता महिला के घर के बाहर गली में मिला है। इस दौरान नगर परिषद की टीम ने कुत्ते को पकड़ लिया है। कुत्ते का पशुपालन विभाग की तरफ से टीकाकरण आदि करवाया जाएगा।