भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में हर घर तिरंगा अभियान चलाएगी। यह अभियान 10 से 15 अगस्त तक चलेगा। पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से हर घर में तिरंगा झंडा पहुंचाया जाएगा। इसे स्वतंत्रता दिवस के दिन अपने-अपने घर पर लगाने की अपील की जाएगी। भाजपा के प्रदेश महामंत्री बिहारी लाल शर्मा ने यह बात मंगलवार को नाहन में भाजपा के दीपकमल कार्यालय में पत्रकार वार्ता में कही। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान प्रदेश में 10 अगस्त से शुरू होगा। प्रदेश में 8 हजार से अधिक बूथों पर भाजपा कार्यकर्ता अपने घर के साथ अन्य घरों में तिरंगा झंडा वितरित करेगा। 15 अगस्त को तिरंगा यात्रा भी निकाली जाएगी। इसके लिए भाजपा के जिला और मंडल पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही है। उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को भाजपा प्रदेश में मंडल स्तर पर विभाजन विभिषिका दिवस मनाएगी। उन्होंने कहा कि 1947 में भारत के विभाजन को भाजपा काले दिवस के रूप में मनाती रही है। पार्टी का मानना है कि विभाग अनैतिक और असंविधानिक हुआ है। ऐसे में 14 अगस्त को प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के मंडल स्तर पर मौन जुलुस, मशाल जुलूस और मोमबत्त जलाकर रोष व्यक्त किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को प्रत्येक मंडल में तिरंगा यात्राएं निकाली जाएंगी। हिमाचल निर्माता डॉ. यशवंत सिंह परमार को भारत रत्न सम्मान देने की पार्टी की पैरवी के सवाल पर बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि यह पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर निर्भर करेगी। उन्होंने माना कि हिमाचल के निर्माण में डॉ.परमार का अहम योगदान है। उन्होंने कहा कि पंचायतीराज चुनाव के लिए भाजपा तैयार है। इस अवसर पर जिला भाजपा अध्यक्ष धीरज गुप्ता, मीडिया प्रभारी राकेश गर्ग, भाजपा नेता बलदेव भंडारी, नारायण सिंह चौहान, शिव कुमार मौजूद रहे।