सिरमौर जिले के अधिकतर इलाकों में वीरवार सुबह बारिश हुई। भूस्खलन से जिले की करीब 52 सड़कें बंद हो गई। सबसे अधिक शिलाई क्षेत्र में 22 सड़कें बंद हुई। लोक निर्माण विभाग ने शाम तक इनमें से 40 सड़कों को बहाल करवा दिया। वहीं वीरवार तड़के 5 बजे चीलोण के पास बंद हुआ पांवटा शिलाई एनएच-707 सुबह 11 बजे बहाल हुआ। नाहन-कुमारहट्टी एनएच पर भी जगह-जगह पत्थर आने से यातायात प्रभावित हुआ। जलशक्ति विभाग की 6 योजनाएं भी बारिश के चलते क्षतिग्रस्त हो गईं। जिले की गिरि, यमुना और टौंस आदि नदी नाले उफान पर हैं। लोक निर्माण, जलशक्ति, एनएच और विद्युत बोर्ड को करोड़ों का नुकसान हुआ है।