प्रदेश में कांग्रेस सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। विकास को रोकने के लिए आए दिन नए कदम उठाए जा रहे हैं। व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर लोगों से जुड़ी पुरानी सुविधाओं को सरकार बंद करने पर तुली हुई है। यह आरोप भाजपा मंडल ददाहू के अध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर ने पत्रकार वार्ता में जड़े। उन्होंने कहा कि जिला सिरमौर में दो दर्जन के करीब सरकारी बसों के रूटों को बंद किया जा रहा है। इनमें से सर्वाधिक रूट ददाहू क्षेत्र से जुड़े हैं। जबकि यह सभी पुराने रूट ग्रामीण इलाकों के लोगों को शहर, बाजार व जिला मुख्यालय से जोड़ते आ रहे हैं। लोगों आवागमन व परिवहन की सुविधा मिल रही है। इन रूटों को बंद करने के पीछे सरकार की मंशा स्पष्ट झलक रही है। सरकार इन रुटों का निजीकरण करके उन्हें अपने मित्रों के हाथों में सौंपा चहाती है ताकि मित्रों की जेबों को भरा जा सके। उन्होंने कहा कि हाल ही में सरकार ने 15 फीसदी बस किराया बढ़ाकर यात्रियों पर आर्थिक बोझ लाद दिया है। अब सरकारी बसों के रूटों को बंद करने की बात की जा रही है। इससे ग्रामीणों के साथ कर्मचारियों, दैनिक वेतन भोगियों, स्कूल व कॉलेज के छात्र-छात्राओं को गंभीर परिस्थितियों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि सरकार ने इन रुटों को बंद करने के अपने गलत फैसले को वापस नहीं लिया तो भाजपा का आंदोलन के लिए सड़कों पर उतरेगी। इस मौके पर भाजपा के कार्यालय सचिव पूर्ण चंद जोशी, प्रवक्ता केडी शर्मा, मीडिया प्रभारी भूषण गर्ग व सह मीडिया प्रभारी आशु वालिया सहित भाजपा मंडल ददाहू के अन्य पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।