भगवान श्री सत्य साईं बाबा की जन्म शताब्दी के उपलक्ष्य में साईं सेवा समिति सिरमौर की ओर से बुधवार को नाहन स्थित साई हाल में जिला स्तरीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न कॉलेजों से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। संगोष्ठी में मानव जीवन मानवीय मूल्यों के बिना सार्थक नहीं विषय पर विद्यार्थियों ने अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने अपने भाषणों के माध्यम से जीवन में मानवीय मूल्यों के महत्व को रेखांकित किया। भाषणों के बाद निर्णायक मंडल ने विद्यार्थियों से विषय से जुड़े सवाल पूछे और उनके विचारों को परखा। साई सेवा समिति सिरमौर के जिला प्रधान प्रो. अमर सिंह चौहान और जिला कन्वीनर अनूप भटनागर ने बताया कि प्रतियोगिता दोपहर बाद शुरू हुई। इसमें विद्यार्थियों के बीच प्रतिस्पर्धा जारी रही। प्रतियोगिता के विजेताओं को समिति की ओर से पुरस्कृत किया जाएगा।