नगर परिषद के अधिकारियों ने गुरुवार को दिल्ली गेट पर बने एमसी परिसर का जायजा लिया। सुबह तड़के हुई तेज बारिश के कारण परिसर में पानी घुस आया था। पूरा परिसर पानी से भर गया। यही नहीं, दुकानों और कार्यालयों में भी पानी घुस गया। दुकानदारों को दुकानें खोलने में भी भारी परेशानी हो रही थी। इसके बाद नगर परिषद को इसकी सूचना दी गई। सूचना के बाद नगर परिषद के जेई अनिल और सेनेटरी इंस्पेक्टर सुलेमान ने मौके पर आकर हालातों का जायजा लिया और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। करोड़ों रुपये से बने इस भवन की नगर परिषद सुध नहीं ले रही है। बरसात में इस भवन की ऊपरी मंजिल में पानी घुस आता है और यहां तालाब बन जाता है। यही नहीं, पूरी छत भी टपकती रहती है। इसकी सूचना कई-कई बार नगर परिषद को दी गई, लेकिन कोई मौके पर नहीं आया। गुरुवार सुबह हुई भारी बारिश के कारण फिर से वही हालात बने, इसके बाद मीडिया कर्मियों ने नगर परिषद के अधिकारियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद नगर परिषद के अधिकारी मौके पर जायजा लेने पहुंच और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया।