राष्ट्रीय कांग्रेस के आह्वान पर सिरमौर जिला में सोमवार से वोट चोर, गद्दी छोड़ अभियान का आगाज हुआ। इस अभियान के प्रभारी व नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने इस अभियान का आगाज किया। जिला कांग्रेस की बैठक के बाद प्रेसवार्ता में अजय सोलंकी ने कहा कि यह अभियान लोकतंत्र को बचाने का एक जन आंदोलन है। उन्होंने कहा कि जब जनादेश का सम्मान नहीं होता, तब जनता को अपनी आवाज बुलंद करनी पड़ती है। सोलंकी ने कहा कि कहा कि यह केवल एक नारा नहीं, बल्कि जनता की भावना का प्रतीक है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर नागरिक को इसमें अपना सहयोग देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सच्चे लोकतंत्र में जनता की इच्छा ही सर्वोपरि होती है और उसे दरकिनार करना लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने बताया कि जिला सिरमौर की सभी विधानसभा क्षेत्रों में यह अभियान 11 सितंबर तक चलेगा। प्रत्येक विधानसभा में दो हजार हस्ताक्षर का लक्ष्य रखा गया है, लेकिन मुझे विश्वास है कि यह लक्ष्य चार हजार को पार कर जाएगा। इस मौके पर सिरमौर कांग्रेस के सभी बड़े नेता मौजूद रहे।