विकास खंड पांवटा साहिब के अंतर्गत आने वाली माजरा पंचायत के वार्ड नंबर दो और तीन के लोगों को सड़क में बह रहे गंदे पानी के चलते मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। माजरा-बाता नदी सड़क पर माजरा पीएचसी के पास नालियां बंद होने से सारा गंदा पानी सड़क पर खड़ा हो रहा है। ऐसे में यहां काफी बड़ा गड्ढा हो गया है। इसके चलते वाहनों को आवागमन में दिक्कतों का समना करना पड़ रहा है। वहीं यहां से गुजरने वाले लोगों को भी परेशानी हो रही है। अपनी इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने मंगलवार को एडीएम सिरमौर एलआर वर्मा और लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता अरविंद कुमार शर्मा को ज्ञापन सौंपा।