करवा चौथ के बाद अब धनतेरस और दीपावली की तैयारियों ने रामपुर बुशहर के बाजार की रौनक बढ़ा दी है। त्योहारों के नजदीक आते ही बाजार में ग्राहकों की चहल-पहल बढ़ने लगी है। दुकानदारों ने भी ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए अपनी दुकानों को रंग-बिरंगी लाइटों और आकर्षक सजावट से सजा दिया है। धनतेरस और दीपावली को लेकर बाजार में खरीदारी का माहौल बनने लगा है। मिठाइयों, बर्तनों, आभूषणों, इलेक्ट्रॉनिक सामान और सजावटी वस्तुओं की दुकानों पर लोगों की आवाजाही बढ़ रही है। ग्राहक अपनी जरूरत और पसंद के अनुसार त्योहारों की खरीदारी कर रहे हैं। दुकानों में सजे रंग-बिरंगे और आकर्षक सामान लोगों का ध्यान खींच रहे हैं। करवा चौथ के बाद अब धनतेरस और दीपावली को लेकर व्यापारियों में भी खासा उत्साह है। दुकानदारों को उम्मीद है कि त्योहारों के दौरान बाजार में खरीदारी और बढ़ेगी, जिससे कारोबार को गति मिलेगी। धनतेरस 6 नवंबर और दीपावली 8 नवंबर को मनाई जाएगी। त्योहारों को देखते हुए आने वाले दिनों में बाजार में ग्राहकों की भीड़ और बढ़ने की उम्मीद है।