फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rampur Bushahr: किन्नौर जिले में चल रहे विभिन्न विकासात्मक निर्माण कार्यों को लेकर समीक्षा बैठक

अंकेश डोगरा Updated Mon, 07 Jul 2025 03:40 PM IST

जनजातीय जिला किन्नौर के रिकांगपिओ स्थित आईटीडीपी भवन के सम्मेलन कक्ष में समस्त विभागाध्यक्षों के साथ जिले में चल रहे विभिन्न विकासात्मक निर्माण कार्यों की राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी ने सोमवार को समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। राजस्व मंत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार की ओर से जनजातीय जिला किन्नौर में विभिन्न विकासात्मक कार्य किए जा रहे हैं और इनके सफल कार्यान्वयन के लिए आवश्यक है कि संबंधित विभाग पूर्ण जिम्मेदारी के साथ कार्य करें ताकि गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य संभव हो सके। अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में कोताही बरतने वाले ठेकेदारों पर कड़ी से कड़ी कार्यवाही अमल में लाएं ताकि जिला में अधोसंरचना विकास को गति मिल सके। कैबिनेट मंत्री ने जिला में चल रहे निगुलसरी वैकल्पिक सड़क मार्ग के कार्य का अद्यतन ब्यौरा मांगा और संबन्धित विभाग को सड़क निर्माण कार्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला किन्नौर में अवैध खनन, अवैध डंपिंग और अवैध स्टोन क्रशर पर पूर्ण रोक लगाने के लिए वन विभाग को आवश्यक कार्रवाई अमल में लाने के निर्देश दिए। इसके अलावा मॉनसून सीज़न के मद्देनजर आपदा प्रबंधन की सभी तैयारियों को पूर्ण रखने के निर्देश दिए ताकि आपदा की स्थिति में तुरंत प्रभावितों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और जान-माल के नुकसान को कम किया जा सके। राजस्व मंत्री ने स्थानीय क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिला में कचरा प्रबंधन पर विशेष ध्यान दें और कचरे का निष्पादन उचित ढंग से सुनिश्चित बनाएं ताकि जिला किन्नौर का साफ वातावरण कायम रह सके और पर्यावरण की दृष्टि से भी स्वच्छ व सुंदर रह सके। इसके अलावा उन्होंने अधिकारियों को पार्किंग निषेध क्षेत्रों के नियमों का पालन बनाए रखने के निर्देश दिए तथा अधिकारियों को समय-समय पर औचक निरीक्षण करने के आदेश दिए ताकि लोगों को राहत प्रदान हो सके। जनजातीय विकास मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग को जिला के दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य कर्मियों की उचित उपलब्धता करने के निर्देश दिए ताकि निर्धन और उपेक्षित लोगों को घर-द्वार पर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध हो सके। जिला चिकित्सकों के रिक्त पदों को शीघ्र भरने पर भी विस्तृत चर्चा की। इसके अलावा उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रिकांगपिओ बाजार में आवारा कुत्तों से निजात दिलाने का उचित प्रबंध किया जाए ताकि महिलाओं व स्कूली बच्चों को किसी प्रकार का खतरा उत्पन्न न हो सके।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें