मां भीमाकाली की नगरी सराहन में 2 से 5 अक्तूबर तक जिला स्तरीय दशहरा मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले के इतिहास में पहली बार 23 देवी देवताओं को निमंत्रण दिया गया है। चार दिन तक सराहन क्षेत्र देव धुनों से गूंजेगा। जिला शिमला, कुल्लू और किन्नौर के देवी-देवता शिरकत कर मेले की शोभा बढ़ाएंगे। इस बार देवताओं और लोगों की बढ़ती संख्या को देखते हुए मेला स्थल में बदलाव किया जा सकता है, जिसको लेकर अंतिम रूपरेखा आगामी रविवार को पूरी होगी। रविवार को मेला समिति, स्थानीय पंचायत और व्यापार मंडल के सदस्य इसको लेकर सराहन में मुआयना करेंगे। जिला स्तरीय दशहरा मेले की तैयारियों को लेकर श्री भीमा काली मंदिर न्यास के उपाध्यक्ष एवं एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेंद्र सिंह ने बुधवार को समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने विभिन्न विभागाधिकारियों, पंचायत, व्यापार मंडल और मेला समिति के सदस्यों के साथ मेले के भव्य आयोजन को लेकर चर्चा की। उपाध्यक्ष हर्ष अमरेंद्र ने बताया कि दो से पांच अक्तूबर तक आयोजित होने वाला मेला दो अक्तूबर को देवी देवताओं के आगमन और भगवान रघुनाथ की रथ यात्रा निकालने के साथ शुरू होगा। भगवान रघुनाथ की रथ यात्रा में सभी देवी देवता भी भाग लेंगे। तीन और चार अक्तूबर को सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें स्थानीय लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन शाम छह से दस बजे तक किया जाएगा। नायब तहसीलदार प्रेम नेगी की अध्यक्षता वाली आठ सदसीय कमेटी 25 सितंबर से मेले के लिए प्लॉटों का आबंटन करेगी।